चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत राज्य से नशों के पूरी तरह खात्मे के लिए चलाए गए ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 201वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 409 स्थानों पर छापेमारी की। इसके परिणामस्वरूप प्रदेशभर में 62 एफआईआर दर्ज कर 85 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह 201 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 30,060 हो गई है। इन छापेमारियों के दौरान गिरफ्तार नशा तस्करों के कब्जे से 30.5 किलो हेरोइन, 150 ग्राम अफीम, 766 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 2290 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और एस.एस.पी. को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के आदेश दिए हैं।
नशों के खिलाफ चल रही जंग की निगरानी के लिए पंजाब सरकार ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी भी बनाई है।इस ऑपरेशन के दौरान 75 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 1100 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 150 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्यभर में छापेमारी की। उन्होंने आगे बताया कि दिनभर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 403 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की।यह बताना जरूरी है कि पंजाब सरकार ने राज्य से नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति – एन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रिवेंशन (ईडीपी) – लागू की है और पंजाब पुलिस ने इस रणनीति के तहत आज 61 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास का इलाज लेने के लिए राज़ी किया है।



