HomeHaryanaपंजाब की बहनों को आम आदमी पार्टी पर नहीं भरोसा, अब हरियाणा मॉडल...

पंजाब की बहनों को आम आदमी पार्टी पर नहीं भरोसा, अब हरियाणा मॉडल की ओर देख रही जनता – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की बहनों को अब आम आदमी पार्टी की सरकार पर विश्वास नहीं रहा और वहां की जनता कल्याणकारी योजनाओं के लिए हरियाणा की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पहले कांग्रेस पार्टी ने पंजाब को खोखला किया, उसी राह पर अब आम आदमी पार्टी भी चल रही है और चुनावों में महिलाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं कर रही। मुख्यमंत्री आज मंत्रिमंडल की बैठक में ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ लागू करने के निर्णय उपरान्त पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे।

इस योजना के तहत सभी पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने संकल्प पत्र के एक और वादे को पूरा करने का काम किया है।  नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता ने अब मन बना लिया है और  यह भलीभांति समझ चुकी है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ही ऐसे नेता हैं जिनके नेतृत्व में देशभर में जनकल्याण के ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। इसके विपरीत, पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार इच्छाशक्ति, नियत और नीति, तीनों ही स्तर पर विफल साबित हुई है।

हरियाणा सरकार बिना चुनाव के निभा रही वादे, पंजाब में चुनाव करीब फिर भी अधूरे हैं वायदे – मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार अपने संकल्प पत्र के प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी घोषणा पत्र लाकर  चुनावों में जनता को गुमराह करती है, लेकिन सत्ता में आते ही उसे भूल जाती है, कूड़ेदान में डाल देती है। कांग्रेस के नेता कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। यही स्थिति पंजाब में आम आदमी पार्टी की भी है।  वहां पर भी चुनाव में आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने का  वादा किया था, लेकिन आज तक उसे लागू नहीं किया गया। इसके विपरीत हरियाणा में, जहां चुनाव बहुत दूर हैं, सरकार संकल्प पत्र के वादों को निरंतर पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है—जो कहा, वह किया। जबकि कांग्रेस की गारंटी ‘चीनी सामान’ की तरह है—जिसकी कोई  गारंटी  नहीं होती। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार जहां-जहां है, चाहे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान हो या हरियाणा हो, वहां जनता से किया गया हर वादा पूरा किया गया है।

 कर्नाटकतेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में बहनों से किए गए वायदे आज तक अधूरे – एक प्रश्न के उत्तर में श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुछ दल चुनावों में वोट तो ले लेते हैं, लेकिन बाद में जनता को उसके हालात पर छोड़ देते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने मानसून सत्र से पहले के सत्र में लाडो लक्ष्मी योजना का मुद्दा खूब उठाया था, प्रश्न भी लगाए, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकारों द्वारा बहनों से किए गए वादों को अब तक क्यों पूरा नहीं किया गया, तो उनके पास कोई जवाब नहीं था।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी वास्तव में “एक ही थाली में खाते हैं” और इसलिए जनता को उन पर कोई विश्वास नहीं रहा।  उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीद रही है, जबकि पंजाब में इस दिशा में कुछ भी नहीं हो रहा। यहां तक कि आयुष्मान योजना के तहत हरियाणा में मिलने वाला 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ भी पंजाब की जनता को उपलब्ध नहीं है।एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री नायब सिंह सैनी कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है जिस तरह कांग्रेस विधायकों ने बेटी बचाओ के पोस्टर सदन में लहराए उससे वे स्वयं व्यक्तिगत तौर पर आहत हुए हैं। सदन में बेटी बचाओ के पोस्टर लहराकर कांग्रेस ने केवल राजनीतिक नौटंकी की है। जिनके शासनकाल में बेटियों की भ्रूण हत्या होती थी, वे आज नारी सम्मान की बात कर रहे हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए हरियाणा करेगा सहयोग, मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेजा सहायता प्रस्ताव – पंजाब में आई बाढ़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस आपदा से हुए भारी नुकसान को लेकर वे अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान को पत्र लिखकर हरियाणा सरकार की ओर से राहत सामग्री, बचाव दल और चिकित्सा सहायता भेजने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मानवता के नाते पंजाब में हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। वहीँ श्री भगवंत मान जहां पर भी कहेंगे आवश्यक सहायता उसी जगह तुरंत उपलब्ध करवा दी जाएगी ताकि संकट की घड़ी में शीघ्र अति शीघ्र पीड़ित लोगों को सहायता पहुंचाई जा सके।  इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, लोक निर्माण विभाग मंत्री  रणवीर गंगवा, सेवा मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव  राजेश खुल्लर, सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी. अनुपमा तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक  के. मकरंद पांडुरंग भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments