नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सदन के महासचिव को उनके खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस की जांच करने और उचित कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया है। इसकी जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है।कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस जमा किया। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, मंगलवार दोपहर 1:14 बजे विपक्ष ने नियम 94 सी के तहत अध्यक्ष बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस प्रस्तुत किया है।” कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इस अविश्वास प्रस्ताव पर कुल 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं।सूत्रों ने बताया कि विपक्षी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष के आचरण को “खुले तौर पर पक्षपातपूर्ण” बताकर आरोप लगाया है कि विपक्षी दलों के नेताओं को सदन में बोलने का अवसर नहीं मिल रहा है। अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में अध्यक्ष के खिलाफ चार घटनाओं का उल्लेख किया गया है।
इसमें प्रमुख रूप से यह आरोप शामिल है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं मिली। राहुल गांधी ने इस दौरान चीन के साथ 2020 के सैन्य गतिरोध का उल्लेख करते हुए पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा का हवाला दिया था।
इसके अलावा, विपक्ष ने आठ सांसदों के निलंबन, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा पूर्व प्रधानमंत्रियों पर किए गए “आपत्तिजनक और व्यक्तिगत हमलों”, तथा अध्यक्ष बिरला के उस बयान पर भी आपत्ति जाहिर की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किसी अप्रिय घटना की आशंका के चलते सदन में न आने का आग्रह किया था। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा था कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री की सीट तक जाकर “अभूतपूर्व घटना” को अंजाम दे सकते हैं। इस पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने पोस्ट पर लिखा कि विपक्ष ने यह कदम “असाधारण परिस्थितियों” में उठाया है। उन्होंने कहा, “विपक्ष ने संवैधानिक मर्यादाओं में विश्वास जताया है।
व्यक्तिगत रूप से हम माननीय अध्यक्ष बिरला का सम्मान करते हैं, लेकिन लगातार विपक्षी सांसदों को जनहित के मुद्दे उठाने से रोकने से हम आहत और व्यथित हैं। कई वर्षों बाद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास नोटिस लाया गया है, जो असाधारण परिस्थितियों का परिणाम है।”इस बीच, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कांग्रेस से अपील की है कि अविश्वास प्रस्ताव लाने से पहले लोकसभा अध्यक्ष को एक औपचारिक पत्र सौंपा जाए। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यदि विपक्ष की अपील पर दो से तीन दिनों के भीतर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तब पार्टी अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करेगी।टीएमसी सांसद और पार्टी महासचिक अभिषेक ने कहा कि पहले भी स्पष्ट किया था कि हमारे सभी सांसद अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले है। लेकिन हमारा सुझाव था कि सांसदों के निलंबन, विपक्ष के नेता को बोलने से रोकने, महिला सांसदों पर झूठे आरोप और अध्यक्ष की कथित पक्षपातपूर्ण भूमिका जैसे मुद्दों पर पहले सभी विपक्षी सांसदों के हस्ताक्षर वाला एक विरोध पत्र अध्यक्ष बिरला को दिया जाए। यदि दो-तीन दिनों में कोई कार्रवाई नहीं होती, तब अविश्वास प्रस्ताव लाने का विकल्प खुला है।”



