चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बुधवार देर शाम देवीकोटी-टेपा मार्ग पर हुआ, जब सभी लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे।
इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जिनकी पहचान राजिंदर कुमार, पम्मी कुमार और सचिन के रूप में हुई है, जबकि अमर सिंह और धर्म सिंह को गंभीर हालत में चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में संकीर्ण और फिसलन भरी सड़कों के कारण इस तरह के हादसे अक्सर होते हैं।



