पटना। बिहटा-आरा मुख्य मार्ग के परेव, लेखन टोला के पास रविवार की सुबह मनेर के उर्स मेले से लौट रहे एक ही परिवार के लोगों से भरी ऑटो पर तेज रफ्तार बेलगाम ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ऑटो में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में भोजपुर के आरा के चिक टोली निवासी गुड्डू कुमार (33), मो इम्तियाज उर्फ बुलेट (30), मो सहजाद (22), मो शहजाद की 3 वर्षीय बेटी शफना और डेढ़ वर्षीय पुत्र अस्फी शामिल हैं। एक अन्य व्यक्ति इलाज के दौरान दम तोड़ गया। सभी मृतक और घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। मौके पर पहुंची बिहटा पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



