जांजगीर-चांपा। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां इकलौते बेटे की मौत के सदमे में माता-पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को घर के पास पेड़ पर दोनों के शव एक साथ फंदे से लटके मिले, जिससे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु के बाद दोनों गहरे मानसिक आघात में थे। शुरुआती जांच में इसी सदमे के कारण आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। सुबह पेड़ पर दोनों के शव लटके मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



