चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा ट्राइसिटी रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत ₹1,463.95 करोड़ की लागत से 6-लेन, एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड स्पर को स्वीकृति देने पर उनका आभार व्यक्त किया। चुग ने कहा कि यह निर्णय पंजाब के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है। चुग ने कहा कि इस परियोजना से मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला के प्रमुख जंक्शनों पर वर्षों से बनी ट्रैफिक समस्या में ठोस राहत मिलेगी। एनएच-44, एनएच-205A और एनएच-152 पर दबाव कम होगा और हिमाचल प्रदेश, विशेषकर शिमला क्षेत्र की ओर जाने वाली आवाजाही तेज और सुगम बनेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की व्यापक सोच का हिस्सा है।
चुग ने जोड़ा कि इस कॉरिडोर से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बड़ा लाभ होगा। किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों और युवाओं को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी, जिससे समय और ईंधन की बचत के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। यह परियोजना ट्राइसिटी क्षेत्र को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी ढांचे की ओर ले जाएगी। चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पंजाब निरंतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट है, विकास को धरातल पर उतारना और राज्यों को दीर्घकालिक समृद्धि की दिशा में अग्रसर करना। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में पंजाब की आर्थिक तस्वीर को मजबूत आधार प्रदान करेगी।



