चंडीगढ़- हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य में सड़क एवं आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय मंत्री को हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय राष्ट्रीय आई.आर.सी (इंडियन रोड्स कांग्रेस) सेमिनार के उद्घाटन के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। यह सेमिनार 27 व 28 मार्च, 2026 को चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से सड़क सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।
मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण तथा आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे शहरीकरण और औद्योगिक विकास को देखते हुए आधारभूत ढांचे को और मजबूत करने की आवश्यकता है। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकारात्मक बातचीत हुई, जिसमें हरियाणा की सड़कों एवं विभिन्न हाईवे परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।
उन्होंने राज्य में चल रही एवं प्रस्तावित परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र सरकार से विशेष अनुदान (स्पेशल ग्रांट) उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया, ताकि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। गंगवा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और सड़क सुरक्षा को लेकर भी कई प्रभावी पहल की गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से हरियाणा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और प्रदेश को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।



