कटिहार। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर निकले हैं। उनकी इस यात्रा में हर जगह जन सैलाब उमड़ रहा है। शनिवार को इस यात्रा का 7वां दिन था और अपनी इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान राहुल गाँधी लगातार सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे प्रहार कर रहे हैं। शनिवार को राहुल गाँधी कटिहार जिले के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र में मखाना किसानों से मिले और उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने मखाना किसानों के साथ तालाब में उतरकर मखाना निकाला। इस दौरान उन्होंने किसानों से मखाना के तैयार होने की पूरी प्रक्रिया की भी जानकारी ली साथ ही किसानों की समस्याओं के बारे में भी बात की। इस मौके पर राहुल के साथ बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम भी मौजूद थे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा ‘बिहार दुनिया का 90 प्रतिशत मखाना उगाता है, मगर दिन-रात धूप-पानी में मेहनत करने वाले किसान-मजदूर मुनाफे का 1 प्रतिशत भी नहीं कमाते हैं। बड़े शहरों में 1000-2000 रुपए किलो बिकता है, मगर इन मेहनतकशों, पूरे उद्योग की नींव को, नाम मात्र का दाम मिलता है। आज, इन किसानों से उनके खेतों में मिलकर उनकी आपबीती जानी। उन्होंने कहा ‘ कौन हैं ये किसान-मजदूर? अतिपिछड़े, दलित-बहुजन। पूरी मेहनत इन 99 प्रतिशत बहुजनों की और फायदा सिर्फ 1 प्रतिशत बिचौलियों का। राहुल गांधी ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वोट चोर सरकार को न इन मजदूरों की कदर है, न फिकर- न आय दिया, और न ही न्याय। उन्होंने ये भी कहा कि वोट का अधिकार और हुनर का हक एक सिक्के के दो पहलू हैं -और इन दोनों को ही हम खोने नहीं देंगे।



