HomePunjabनंगल-कीरतपुर साहिब सड़क को चार-मार्गी बनाने का कार्य जल्द शुरू होगा: हरजोत...

नंगल-कीरतपुर साहिब सड़क को चार-मार्गी बनाने का कार्य जल्द शुरू होगा: हरजोत बैंस

चंडीगढ़/श्री आनंदपुर साहिब : पंजाब के शिक्षा मंत्री एवं श्री आनंदपुर साहिब से विधायक हरजोत सिंह बैंस ने नंगल-कीरतपुर साहिब सड़क को चार-मार्गी बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग के लिए अंतिम अधिसूचना जारी करने का ऐलान किया, जिससे इस प्रोजेक्ट के जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। लोगों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता बताते हुए  बैंस ने कहा कि यह प्रोजेक्ट क्षेत्र में सुरक्षा, संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को और बढ़ावा देगा। हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि भूमि प्राप्ति की प्रक्रिया अगले दो महीनों के अंदर पूरी हो जाएगी, जिसके बाद टेंडरिंग और जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू हो जाएगा।

एक वीडियो संदेश में,बैंस ने बताया कि जुलाई 2022 में किए गए व्यापक सर्वेक्षण के साथ प्रोजेक्ट का शुरुआती कार्य शुरू हुआ था। उन्होंने इस सड़क खासकर नंगल-गंगूवाल टोटे को तुरंत अपग्रेड करने की आवश्यकता की लगातार वकालत की थी, जहां सालों से हादसे हो रहे थे और कई कीमती जानें जा रही थीं।उन्होंने कहा, “यह सड़क सिर्फ एक बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के लोगों के लिए एक जीवन रेखा है क्योंकि यह रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों और माता बगलामुखी, बाबा बालक नाथ तथा माता चिंतपूर्णी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थानों की यात्रा करने वाले हजारों श्रद्धालुओं को आने-जाने की सुविधा प्रदान करती है। सर्वेक्षण डेटा और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) तथा नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) के निरंतर फॉलो-अप के आधार पर, इस सड़क को चार-मार्गी बनाने की सख्त जरूरत सामने आई।”

कैबिनेट मंत्री ने प्रोजेक्ट की प्रगति का श्रेय सभी स्तरों पर अधिकारियों के निरंतर समन्वय को दिया। उन्होंने कहा, “यह एक जनता की मांग थी। वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर प्रोजेक्ट डायरेक्टरों तक, इस मामले की लगातार पैरवी की गई। एक चुने हुए प्रतिनिधि के नाते, जमीनी स्तर पर विकास करना हमेशा मेरी प्राथमिकता रहा है।”  बैंस ने कहा कि अंतिम अधिसूचना जारी होने और भूमि रिकॉर्ड प्रकाशित होने के साथ, सभी प्रारंभिक कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य दो महीनों के रिकॉर्ड समय में भूमि अधिग्रहण को पूरा करना और जल्द से जल्द टेंडरिंग प्रक्रिया तथा सड़क निर्माण को सुनिश्चित बनाना है।”

इस प्रोजेक्ट के व्यापक प्रभाव को रेखांकित करते हुए, हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि चार-मार्गी सड़क पूरे क्षेत्र में आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। भरतगढ़ के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क ढांचे के कारण होटल, व्यवसायों और अन्य निवेशों में वृद्धि हो सकती है जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।उन्होंने कहा, “अच्छे सड़क नेटवर्क से आसपास के लगभग 100 गांवों को लाभ होगा, जिससे बाजारों तक आसान पहुंच संभव हो सकेगी। पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा, जिसका छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय उद्यमियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।”

मंत्री बैंस ने क्षेत्र में पहले ही किए गए कई बुनियादी ढांचा संबंधी उपायों का भी जिक्र किया, जिसमें सरसा नंगल के निकट अनूठे ढंग से डिजाइन किया गये फुट ओवरब्रिज का निर्माण, बड़ा पिंड से भरतगढ़ तक सर्विस सड़कों का विकास शामिल है। इस प्रोजेक्ट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा, “यह सड़क हमारे क्षेत्र के भविष्य के लिए मेरी दृष्टि को दर्शाती है। गुरु साहिब और लोगों के आशीर्वाद से हम इसे समय पर पूरा करना सुनिश्चित बनाएंगे और सुरक्षा, संपर्क तथा समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत करेंगे।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments