बीएसएफ ने फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि युवक अवैध रूप से पाकिस्तान में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
बीएसएफ जवानों ने बॉर्डर आउट पोस्ट बस्ती राम लाल के पास संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान नेपाल निवासी शक्ति मंगर के रूप में हुई।
जांच के दौरान जब सुरक्षा एजेंसियों ने उसके परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि वह करीब डेढ़ साल से घर से लापता था। इस खुलासे के बाद एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं।
गिरफ्तार युवक को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर ले जाया गया। अस्पताल की मेडिकल अधिकारी डॉ. प्रीति गर्ग ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद युवक को दोबारा बीएसएफ के हवाले कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक पाकिस्तान जाने की कोशिश क्यों कर रहा था।



