वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में कोटांबी स्टेडियम के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक स्लीपर बस और खड़े ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 31 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में एक 9 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक लग्जरी ट्रैवल कंपनी की यह स्लीपर बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत की ओर जा रही थी।
इसी दौरान वडोदरा में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय फायर विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को इलाज के लिए पास के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। इस भीषण दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे सुचारू करने के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।गौरतलब है कि गुजरात में हाल के दिनों में यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले दो जून को सूरत जिले के बारडोली के पास भी दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में 7 यात्रियों की जान चली गई थी और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।



