HomeNational केजरीवाल का बजट को लेकर भाजपा पर तीखा हमला, कहा - “आम...

 केजरीवाल का बजट को लेकर भाजपा पर तीखा हमला, कहा – “आम आदमी के लिए कुछ भी नहीं”

अहमदाबाद – आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे। इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने हाल ही में पेश किए गए गुजरात के बजट को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसी भी राज्य का बजट सीधे तौर पर आम आदमी के घरेलू बजट को प्रभावित करता है, लेकिन गुजरात के बजट में आम जनता के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव भले ही दो साल बाद हों, लेकिन राज्य सरकार को इसकी भी चिंता नहीं है।

“पंजाब में 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा, 75 साल में पहली बार” – केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया है, जो देश के 75 साल के इतिहास में पहली बार हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा ने गुजरात में 30 साल के शासन में आखिर किया क्या है? उन्होंने कहा कि भाजपा को यह घमंड है कि गुजरात के लोग कांग्रेस को पसंद नहीं करते और भाजपा के अलावा कहीं नहीं जाएंगे। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राज्य में खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों की स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आम लोगों द्वारा बनाई गई पार्टी है और जनता को उसमें बदलाव की क्षमता दिखाई दे रही है।

ट्रंप-मोदी ट्रेड डील पर भी साधा निशाना – भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह समझौता किसानों के लिए बुरे दिन लाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कुछ गोपनीय जानकारी है और उसे सार्वजनिक न होने देने के लिए यह डील की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत देश और गुजरात चलाने की नहीं है। केजरीवाल ने हाल ही में पार्टी छोड़ने वाले किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजू करपड़ा के मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

“विपक्ष खत्म, इसलिए आप करेगी विरोध” – पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी गुजरात के बजट की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें आम लोगों के लिए कुछ नहीं है और विपक्ष भाजपा के साथ मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि देश और गुजरात का बजट बनाने वाले लोग एक ही सोच के हैं और यह बजट व्यापारियों के हित में बनाया गया है। मान ने पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि राज्य में 90% लोगों को मुफ्त बिजली मिल रही है, फिर भी बिजली विभाग घाटे में नहीं है। किसानों को दिन के समय खेतों में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। 80 प्रकार के मेडिकल टेस्ट मुफ्त किए गए हैं और 65 हजार परिवारों को 10 लाख रुपये के मेडिकल कार्ड का वितरण शुरू हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब के आरडीएफ फंड को रोक रखा है, इसके बावजूद राज्य में नई सड़कों का निर्माण जारी है। 19 टोल टैक्स बंद किए गए हैं और आगामी बजट में भी टैक्स में कटौती की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments