नई दिल्ली। भारत और ब्राजील के रिश्तों में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारत-ब्राजील के बीच ट्रेड डील पर हस्ताक्षर हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में इसतरह के कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी है, जो दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लूला और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत कर कहा, मुझे प्रेसिडेंट लूला और उनके डेलीगेशन का भारत में स्वागत कर बहुत खुशी हो रही है।
उनके विजन और प्रेरणादायक नेतृत्व से भारत-ब्राजील संबंधों को लंबे समय से लाभ मिला है।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में दोनों नेताओं के बीच कई मुलाकातें हुई हैं और हर बार भारत के प्रति राष्ट्रपति लूला की गहरी मित्रता और विश्वास हमेशा ही दिखाई दिया। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति लूला का यह दौरा ऐतिहासिक एआई इम्पैक्ट समिट को भी नई ऊर्जा देता है और दोनों देशों की रणनीतिक समझौते को मजबूत करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि ब्राजील, लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है। दोनों देश अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर से आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, हमारा व्यापार सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, यह आपसी भरोसे की झलक है। राष्ट्रपति लूला के साथ आया बड़ा कारोबारी प्रतिनिधिमंडल इसी भरोसे को दिखाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में सहयोग केवल भारत और ब्राजील के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे ग्लोबल साउथ के लिए महत्वपूर्ण है। एआई, डिजिटल टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इकोसिस्टम में साझेदारी से विकासशील देशों को भी नई दिशा मिल सकती है।



