मुरैना। जिले के बानमोर कस्बे में मंगलवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां 10वीं बोर्ड की परीक्षा दे रही एक छात्रा की परीक्षा केंद्र पर ही बेहोश होकर गिरने के बाद मौत हो गई। इस घटना से केंद्र पर मौजूद अन्य परीक्षार्थियों और शिक्षकों के बीच अफरा-तफरी और शोक का माहौल व्याप्त हो गया। जानकारी के अनुसार, बानमोर स्थित पंडित नेहरू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुबह गणित का पेपर चल रहा था। इसी दौरान ग्वालियर जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र के चकुनारा गांव निवासी वर्षा कुशवाह अचानक अपनी सीट से नीचे गिरकर बेहोश हो गई।
वर्षा अपने भाई अंकेश के साथ परीक्षा देने आई थी, दोनों भाई-बहन 10वीं कक्षा के छात्र थे और उन्होंने बानमोर के ही एक स्कूल से बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरा था। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने तुरंत छात्रा को संभाला और उच्चाधिकारियों व परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई और परिवार के लिए यह वज्रपात जैसा था, क्योंकि कुछ ही समय पहले वर्षा सामान्य स्थिति में परीक्षा देने केंद्र के अंदर गई थी।
प्राथमिक चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा गंभीर एनीमिया (खून की कमी) और कुपोषण से पीड़ित थी, जिसके कारण संभवतः उसे दिल का दौरा पड़ा। हालांकि, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग इस दुखद मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।



