नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी तीसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 19 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा पानीहाटी सीट से रत्ना देबनाथ को टिकट दिए जाने की हो रही है, जो आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस की पीड़िता की मां हैं।पार्टी का यह कदम राजनीतिक और भावनात्मक दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है।
उत्तर 24 परगना जिले की महत्वपूर्ण सीट पानीहाटी से रत्ना देबनाथ को मैदान में उतारकर भाजपा ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को चुनाव के केंद्र में लाने की रणनीति अपनाई है।वहीं, उत्तरपाड़ा सीट से पार्टी ने पूर्व एनएसजी अधिकारी दीपांजन चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल 2026 को आयोजित होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। चुनावी माहौल के बीच इस सूची को भाजपा की रणनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है।टिकट मिलने के बाद रत्ना देबनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद चुनाव लड़ने का फैसला लिया। उन्होंने बताया कि पार्टी के लोग लंबे समय से उनके संपर्क में थे और उन्होंने हाल ही में अपनी सहमति दी।



