आरा। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ को देशवासियों के अधिकार और भविष्य की भी चोरी बताते हुए कहा कि बिहार से शुरू हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की क्रांति अब पूरे देश में फैलने जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के 14वें दिन शनिवार को बिहार के आरा में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, सीपीआई (एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी संस्थापक मुकेश सहनी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के साथ विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
खुली जीप में सवार राहुल गांधी पर लोगों ने किया फूलों की वर्षा – इससे पूर्व यात्रा के दौरान खुली जीप में सवार राहुल गांधी को देखने के लिए हर जगह हजारों लोग घंटों सड़कों पर इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी दिखाते हुए फूलों की वर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया। नज़ारा ऐसा था कि सड़कों पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। छोटे-छोटे बच्चे भी ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगा रहे थे।
भाजपा और चुनाव आयोग को राहुल ने घेरा – राहुल गांधी ने वोट चोरी के जरिए संविधान पर किए जा रहे आक्रमण को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग को पुरज़ोर तरीके से घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव भी चोरी किए। उन्होंने एसआईआर का ज़िक्र करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन बिहार में वोट चोरी नहीं होने देगा।



