सूरत – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने सूरत दौरे के दौरान गुजरात के समग्र विकास को नई दिशा देने वाली लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सूरत के इंडोर स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से गुजरात देश के विकास मॉडल के रूप में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने राज्य के बुनियादी ढांचे, परिवहन, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र को सशक्त बनाने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी लोगों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 का लोकार्पण किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से गुजरात और महाराष्ट्र के बीच सड़क संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। साथ ही माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी उल्लेखनीय लाभ मिलेगा, जिससे व्यापार और उद्योग जगत को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। एक्सप्रेसवे से यात्रा का समय कम होगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के महत्वपूर्ण हिस्सों को फोर-लेन बनाने की परियोजना का भी शुभारंभ किया गया। इस परियोजना से विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंचने वाले पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और तेज होगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सूरत को एक बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री ने 200 बिस्तरों वाली अत्याधुनिक ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, केंद्रीय प्रयोगशाला और आपातकालीन सेवा केंद्र से सुसज्जित है। अस्पताल के शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों के श्रमिकों और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विद्युत प्रसारण एवं निर्यात क्षमता बढ़ाने वाली परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इन परियोजनाओं से राज्य की ऊर्जा अवसंरचना और अधिक सुदृढ़ होगी तथा औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना तथा प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास को सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत उत्साह और गर्मजोशी के साथ किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित सूरतवासियों ने विकास परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। जनसभा में विकास, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।



