दौसा। आगरा बाईपास स्थित तिवारी हॉस्पिटल कट के पास रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ से जयपुर की ओर जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार 22 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई, जब बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का उपचार चल रहा है।
बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त – प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री अपनी सीटों से उछलकर चोटिल हो गए। पुलिस ड्यूटी ऑफिसर ने बताया कि हादसे में 6 महिलाएं और 2 बच्चों सहित कुल 22 यात्री घायल हुए हैं। ये सभी घायल उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।चिकित्सकों के मुताबिक, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद निगरानी में रखा गया है। राहत की बात यह है कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी की स्थिति सामान्य है।
लापरवाही की आशंका, जांच में जुटी पुलिस – पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसा ड्राइवर द्वारा आगे चल रहे ट्रक की दूरी का सही अनुमान नहीं लगा पाने या फिर बस की तेज गति के कारण हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।



