HomeNationalनेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे : प्रधानमंत्री मोदी,बालेन शाह...

नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे : प्रधानमंत्री मोदी,बालेन शाह की मुलाकात में हुए आठ समझौते

भारत की ओर से 15 हजार करोड़ रुपये की मदद का ऐलान
पीएम बालेन  शाह बोले- भारत से रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त बयान में मोदी ने नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये की मदद का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था पर आधारित हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने 2018 की अपनी जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के लोगों के बीच सदियों पुराने आत्मीय संबंध हैं, जिन्हें और मजबूत करना दोनों देशों की प्राथमिकता है। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत के साथ संबंधों को नई ऊंचाई देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

आठ समझौतों से बढ़ेगा सहयोग – भारत और नेपाल के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए आठ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस प्रशिक्षण, प्रशासनिक अधिकारियों के प्रशिक्षण, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा, सैटेलाइट संचार, शहरी विकास, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े समझौते शामिल हैं। फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच शिक्षा एवं शोध में सहयोग होगा। वहीं, भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच पुलिस प्रशिक्षण को लेकर समझौता हुआ है।

मिलकर करेंगे काम – नेपाली सरकारी अधिकारियों को प्रशिक्षण देने के लिए भारत के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा इसरो और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के उपयोग के लिए सैटेलाइट संचार नेटवर्क विकसित करने पर सहमति बनी है।

कांडला और पारादीप तक पहुंच – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराएगा। इससे नेपाल को दूसरे देशों के साथ व्यापार करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि भारत के साथ व्यापार और निवेश के बेहतर अवसर नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देंगे।

संपर्क को करेंगे और मजबूत –मोदी ने दोनों देशों के बीच सड़क और सीमा संपर्क को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन किया गया है। इसके साथ ही बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार तथा लोगों की आवाजाही आसान होगी। बिहार और उत्तर प्रदेश समेत भारत के कई राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। दोनों प्रधानमंत्रियों की वार्ता में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। आठ समझौतों के साथ दोनों देशों ने आपसी संबंधों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, तकनीक और आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में विस्तार देने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments