नई दिल्ली। मॉनसून की एक-एक गतिविधि पर पूरे देश की नजर रहती है। अब हाल ये है कि बिहार और महाराष्ट्र में लगे लंबे ब्रेकर को मॉनसून ने पार कर लिया है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून महाराष्ट्र के सोलापुर और बिहार के मुजफ्फरपुर तक पहुंचा है। 14 दिनों तक सोलापुर में ब्रेक के बाद मॉनसून मुंबई में प्रवेश कर गया है। वहीं अब झारखंड, बिहार, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मॉनसून के आगे बढ़ने की स्थितियां बन गई हैं और 23 जून को इसका असर दिखाई देगा। वहीं मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कम से कम 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यूपी,बिहार और दिल्ली का मौसम – मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 जून के बीच पूर्वी यूपी के गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, मुर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगर स्थितियां अनुकूल रहीं तो 25 जून तक मॉनसून उत्तर प्रदेश पहुंच सकता है। इसी तरह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। वहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बिहार में राजधानी पटना सहित कई जिलों में भीषण गर्मी जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में बिहार के ज्यादातर जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलेगी।
महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल का मौसम – मौसम विभाग का कहना है कि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ सकता है। फिलहाल यह सोलापुर में रुका हुआ था। अब मॉनसून की एंट्री मुंबई में भी हो गई है। रविवार को मुंबई में राहत की बारिश हुई है। एक या दो दिन में मॉनसून आगे बढ़ेगा। मुंबई में आंधी तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल के गंगीय उप हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है। पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अलीपुरद्वार और जलपाइगुड़ी में भी भारी बारिश हो सकती है। यहां मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना,मेदिनीपुर, बांकुड़ा में भी बारिश का अलर्ट है।
इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश – मौसम वभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 से 28 जून के दौरान बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रेदश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों के साथ अंडमान निकोबार में भी बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों का मौसम – पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में 22 जून को 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 22 से 28 जून के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की वजह से भूस्खलन भी हो सकता है।



