चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पहली बार पंजाब का दौरा किया। उन्होंने लुधियाना में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया, जिसके बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। इसमें 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। राघव चड्ढा के साथ पूर्व आप सांसद राजिंदर गुप्ता भी बैठक में मौजूद रहे, जिन्होंने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए नए नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने पर विचार कर रहा है। ऐसे में राघव चड्ढा को संगठन या चुनाव प्रबंधन से जुड़ी अहम भूमिका मिलने की संभावना जताई जा रही है।गौरतलब है कि अप्रैल में आप के सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का साथ दिया था। इनमें राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत साहनी और अन्य नेता शामिल थे। राघव चड्ढा ने पार्टी छोड़ते समय आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी का माहौल जहरीला हो गया है और भाजपा में शामिल होकर वह उन मुद्दों पर अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगे, जिनका वे समर्थन करते हैं।



