कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हल्दिया रिफाइनरी में मंगलवार सुबह नैफ्था ले जाने वाली मुख्य पाइपलाइन में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। यह घटना सुबह करीब 4 से साढ़े चार बजे के बीच उस समय हुई, जब रिफाइनरी के भीतर नैफ्था की आपूर्ति की जा रही थी। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारी चपेट में आ गए। घायल कर्मचारियों को तत्काल हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
चश्मदीदों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि पाइपलाइन से अचानक निकली तेज लपटों ने आसपास मौजूद कर्मचारियों को बचने का मौका नहीं दिया। स्थानीय लोगों और फैक्ट्री अधिकारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनका इलाज कर रही है, लेकिन कई कर्मचारियों की गंभीर स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है।हालांकि, फैक्ट्री अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के आधिकारिक कारण का खुलासा नहीं किया है और एक तकनीकी टीम मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
हालांकि, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह घटना प्लांट के आसपास मौजूद नैफ्था चोरी के एक अनधिकृत पॉइंट के पास हुई हो सकती है। नैफ्था एक अत्यंत ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है और कंपनी ने सुरक्षा से जुड़े गंभीर खतरों के कारण स्थानीय लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों तक अनधिकृत पहुंच या उन्हें संभालने के खिलाफ लगातार आगाह किया है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि चोरी के प्रयास के दौरान या किसी अनधिकृत हस्तक्षेप के कारण ही यह आग भड़की होगी।



