HomeNationalआने वाले 30 सालों तक देश के प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले राहुल...

आने वाले 30 सालों तक देश के प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले राहुल गांधी : अमित शाह

नई दिल्ली । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला कर कहा है कि विपक्ष अपनी लगातार हो रही हार को छिपाने के लिए वोट चोरी और ईवीएम में गड़बड़ी का बेबुनियाद बहाना बना रहा है। नई दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री शाह ने स्पष्ट कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है और आने वाले अगले 30 सालों तक उसकी केंद्र में सरकार बनने की कोई संभावना नहीं है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने आंकड़ों का हवाला देकर कांग्रेस के चुनावी इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष यह भ्रम फैला रहा है कि उसकी हार केवल मोदी सरकार के आने के बाद हो रही है, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल उलट है कि कांग्रेस गुजरात में बीते 41 वर्षों से, उत्तर प्रदेश में 41 वर्षों से, पश्चिम बंगाल में 54 वर्षों से और तमिलनाडु में 64 वर्षों से चुनाव नहीं जीत सकी है। इसके अलावा दिल्ली, असम और अन्य राज्यों में भी वह लंबे समय से सत्ता से बाहर है। बीजेपी के चाणक्य शाह ने तंज कसते हुए कहा कि वे देश की जनता के बीच रहकर उनकी नब्ज समझते हैं, उन्हें हर छह माह में विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इस जनता के भरोसे के आधार पर वे कह रहे हैं कि अगले 30 सालों तक राहुल गांधी और उनकी पार्टी का नंबर नहीं लगने वाला।

विपक्ष के दोहरे रवैये पर निशाना साधकर केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि जब कांग्रेस हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना या केरल में जीत दर्ज करती है, तब चुनाव आयोग और ईवीएम पूरी तरह सही हो जाते हैं, लेकिन जहां भी कांग्रेस को हार मिलती है, वह संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना शुरू कर देती है। यही दोहरा मापदंड कांग्रेस द्वारा अदालती फैसलों पर भी अपनाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी का राग अलाप कर कांग्रेस असल में घुसपैठियों के फर्जी वोटों को बचाने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं यमुना को पूरी तरह स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में रीढ़ की हड्डी साबित होंगी। उन्होंने जानकारी दी कि दिल्ली में नई व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई उच्चस्तरीय बैठक में तैयार की गई व्यापक कार्ययोजना का 40 प्रतिशत कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है।

पिछली सरकारों की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि बीते 30 वर्षों के दौरान केवल लापरवाही के कारण नालों और गटर का पानी यमुना में छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि रोजाना 2,000 टन गोबर और अन्य राज्यों का दूषित जल नदी में मिलने से इसकी स्थिति बदतर हुई, लेकिन अब यमुनोत्री से लेकर संगम तक नदी के अविरल और निर्मल प्रवाह को सुनिश्चित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, जल मंत्री प्रवेश वर्मा, गृह एवं शिक्षा मंत्री आशीष सूद, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंदराज सिंह और कपिल मिश्रा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments