HomeHaryanaअंबाला के कैंसर अस्पताल में शीघ्र लगवाई जाए एडवांस तकनीक की पैट-स्कैन...

अंबाला के कैंसर अस्पताल में शीघ्र लगवाई जाए एडवांस तकनीक की पैट-स्कैन मशीन: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए अंबाला के कैंसर अस्पताल में जल्द से जल्द पैट-स्कैन मशीन की स्थापना करवाई जाए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को अगले 15 दिन में टेंडर के नियम-शर्तें तैयार कर इन्हंे अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर परिवहन मंत्री अनिल विज व मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव  आरके खुल्लर भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंबाला का कैंसर अस्पताल कैंसर के मरीजों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और यहां आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में पैट-स्कैन मशीन का होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पैट-स्कैन मशीन एक उन्नत चिकित्सा इमेजिंग मशीन है जो मरीज के शरीर में कैंसर की पहचान करने के लिए बहुत कारगर है। इससे यह भी पता लग जाता है कि कैंसर किस स्टेज में है और यह शरीर के किस-किस हिस्से में फैल चुका है। इस मशीन के माध्यम से कीमोथैरेपी या रेडियोथैरेपी के प्रभाव का मूल्यांकन भी किया जा सकता है जिससे कैंसर के इलाज में काफी मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबाला के कैंसर अस्पताल में पहले प्रस्तावित एनालोग मशीन के स्थान पर डिजिटल मशीन लगाई जाए ताकि कैंसर की पहचान के सटीक परिणाम मिल सके और मरीजों के इलाज में अधिक सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई खरीदी जाने वाली पैट-स्कैन मशीन अब तक की सबसे आधुनिक तकनीक वाली हो। उन्होंने कहा कि पैट-स्कैन मशीन से टैस्ट करवाने वाले कैंसर मरीजों के लिए किफायती दरें निर्धारित की जाएं ताकि मरीजों की जेब पर अधिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि हालांकि आयुष्मान भारत योजना के पात्र व्यक्ति किसी भी अस्पताल में निःशुल्क पैट-स्कैन करवा सकता है लेकिन अंबाला के कैंसर अस्पताल में इस सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर मुहैया करवाया जाएगा।

परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला के कैंसर अस्पताल में केवल हरियाणा से ही नहीं बल्कि 6-7 राज्यों के मरीज अपना इलाज करवाने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि अंबाला के पास सद्दोपुर में पैट-स्कैन मशीन की सुविधा है लेकिन इस मशीन का अंबाला कैंसर अस्पताल में भी होना बहुत आवश्यक है, क्योंकि अस्पताल में भर्ती मरीज को जांच के लिए कहीं अन्य स्थान पर ले जाना कष्टदायक होता है। उन्होंने कहा कि अंबाला कैंसर अस्पताल में पीजीआई चंडीगढ़ से भी महंगी मशीनें लगाई गई हैं। पैट-स्कैन मशीन लगने के बाद मरीजों को इस अस्पताल का पूरा लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर एचएमएससीएल के प्रबंध निदेशक मनोज व स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक  डॉ. मनीष बंसल सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments