चंडीगढ़ –भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला।तरुण चुग ने कहा कि चुनाव आयोग भारतीय संविधान और कानून के दायरे में कार्य करने वाली स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है, जिसे पूरे विश्व में सम्मान और विश्वसनीयता के साथ देखा जाता है। बिना किसी ठोस प्रमाण के विदेशी टूलकिट के इशारे पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने और जनता का विश्वास कमजोर करने की सुनियोजित साजिश है।
चुग ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडी गठबंधन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सकारात्मक भागीदारी करने के बजाय हर संवैधानिक संस्था को कठघरे में खड़ा करने की आदत से बाज नहीं आ रहा। जनता के बीच भ्रम, अविश्वास और अराजकता फैलाना ही कांग्रेस और उसके सहयोगियों की राजनीति बन गई है।उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य पूरी तरह स्पष्ट है। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना, फर्जी वोट, डुप्लीकेट नाम, अवैध घुसपैठियों और संदिग्ध प्रविष्टियों को हटाना ही इस प्रक्रिया का लक्ष्य है। चुग ने सवाल किया कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन को फर्जी वोट, डुप्लीकेट वोट, अवैध और घुसपैठिया वोटों से इतना प्रेम क्यों है, उनका इनसे क्या रिश्ता है। उन्होंने कहा कि मतदाता शुद्धिकरण का विरोध वही लोग कर रहे हैं जिनकी राजनीति फर्जी और घुसपैठिया वोट बैंक पर टिकी हुई है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए तरुण चुग ने कहा कि पार्टी के भीतर की अंदरूनी लड़ाई अब चरम पर पहुंच चुकी है और कांग्रेस अब राष्ट्रीय पार्टी नहीं बल्कि गुटों का समूह बनकर रह गई है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब राजनीतिक कार्यकर्ताओं का स्थान जातीय समीकरणों, क्षेत्रीय गुटों और हाईकमान की परिक्रमा करने वाले नेताओं ने ले लिया है। जो पार्टी टुकड़े-टुकड़े गैंग की भाषा बोलती रही, आज वही स्वयं टुकड़ों में बंट चुकी है।चुग ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी स्वयं सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर चुके हैं कि कांग्रेस में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जाति के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है। इससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस आज जातिवाद, क्षेत्रवाद और गुटबाजी में बंटी हुई पार्टी बन चुकी है, जो देश को स्थिर नेतृत्व देने की स्थिति में नहीं है।
गुजरात एटीएस द्वारा जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों और उनके नेटवर्क पर की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए तरुण चुग ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का सशक्त प्रमाण है।चुग ने कहा कि एक समय ऐसा था जब कांग्रेस की सरकारों के दौरान आतंकियों के प्रति नरम रवैया अपनाया जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की ओर आंख उठाने वाला कोई भी आतंकी या तो जेल की सलाखों के पीछे होगा या कब्र के नीचे होगा।उन्होंने कहा कि नए भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के प्रति न कोई नरमी होगी और न कोई समझौता। भारत की लड़ाई केवल सीमाओं पर बैठे आतंकियों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के भीतर सक्रिय हर स्लीपर सेल, आतंकी मॉड्यूल और उनके मददगारों का भी पूरी ताकत से सफाया किया जाएगा।



