देवघर । झारखंड के देवघर के रहने वाले दंपती समेत तीन लोगों की रविवार सुबह बिहार के भोजपुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा के पास हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। मृतकों की पहचान देवघर निवासी प्रकाश सिंह (32), उनकी पत्नी पल्लवी सिंह (28) और प्रकाश के फुफेरे भाई सौरभ कुमार (24) के रूप में हुई है। सौरभ मूल रूप से सारण जिले के दिघवारा क्षेत्र का रहने वाला था। हादसे में घायल एक अन्य युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रकाश और पल्लवी की शादी इसी साल 12 फरवरी को हुई थी। शादी के बाद दोनों नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन करने गए थे। इसके बाद वे कुल्लू-मनाली घूमने गए और वहां से नोएडा में प्रकाश के बहनोई के पास पहुंचे थे। शनिवार को सभी लोग नोएडा से स्कॉर्पियो से देवघर लौट रहे थे।बताया जा रहा है कि प्रकाश सिंह स्कॉर्पियो चला रहे थे और पल्लवी उनके बगल वाली सीट पर बैठी थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय वाहन की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी। अमराई नवादा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को ट्रेलर से टकराते देखा जा सकता है। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने वाहन को काटकर सभी को बाहर निकाला। प्रकाश सिंह मूल रूप से बिहार के सारण जिले के रहने वाले थे, लेकिन उनका परिवार काफी समय पहले देवघर में बस गया था। वह देवघर में एक टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



