चंडीगढ़: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब मामलों के प्रभारी कांग्रेस के महासचिव भूपेश बघेल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनने का पूरा भरोसा जताया है।उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकातों का सिलसिला जारी है और आगे भी जारी रहेगा। वह हर नेता और कार्यकर्ता से मिलेंगे।पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में, बघेल ने कहा कि पार्टी के भीतर नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह और जोश है।
हालाँकि जब उनसे पूछा गया कि वह किन नेताओं से मुलाकात करेंगे, तो बघेल ने कहा कि वह हर नेता से मिलेंगे, क्योंकि यह उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस अपने उद्देश्य और मिशन को लेकर पूरी तरह एकजुट है।उन्होंने कहा कि नेताओं द्वारा खुलकर अपने विचार रखना केवल कांग्रेस की ही विशेषता है, क्योंकि पार्टी विचार-विमर्श और चर्चा को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों की तरह कांग्रेस में एकतरफा आदेश और संवाद की परंपरा नहीं है। कांग्रेस प्रत्येक नेता की वरिष्ठता और योगदान का सम्मान करती है तथा समय-समय पर उसका उचित सम्मान भी करती है।
बघेल ने आगामी चुनावों में कांग्रेस की आसान जीत की भविष्यवाणी करते हुए, कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है और लोग जितनी जल्दी हो सके, इस सरकार से छुटकारा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा भले ही बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर उसकी मौजूदगी अभी भी बहुत सीमित है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व भी इस बात को अच्छी तरह जानता है और केवल हवाई दावे इसलिए कर रहा है ताकि चुनावों से पहले उसके नेता और कार्यकर्ता पार्टी न छोड़ जाएं।



