HomeNationalपूरा उत्तर भारत मॉनसून के आगोश में, भारी बारिश की चेतावनी

पूरा उत्तर भारत मॉनसून के आगोश में, भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली। इस वक्त समूचे उत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय है और कई राज्यों को तरबतर कर रहा है। मुंबई में मूसलाधार बारिश और जल-जमाव की वजह से जन-जीवन और यातायात अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं मौसम विभाग ने यूपी, दिल्ली और पंजाब-हरियाणा समेत 16 राज्यों में अगले 12 घंटों के अंदर आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश के अलर्ट के बीच भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

उप्र में भारी बारिश का अलर्ट: बिहार, झारखंड में भी झमाझम – पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रायबरेली, हरदोई, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, बस्ती, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, बहराइच, कानपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और मेरठ में भारी बारिश हो सकती है। हवाओं की स्पीड 50 से 60 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। बिहार के पटना, खगड़िया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधुबनी, समस्तीपुर, दरभंगा, अररिया, वैशाली, सिवान, नवादा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, अरवल, लखीसराय, नालंदा और वैशाली जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं झारखंड के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

दिल्ली और महाराष्ट्र के मौसम का हाल – दिल्ली और आसपास के इलाकों में आने वाले समय में मौसम के दो रंग नजर आएंगे। फिलहाल 12 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद अभी भारी बारिश की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में कम बारिश की वजह से उमस बढ़ेगी और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। वहीं दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। मुंबई एवं पुणे क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा, जलभराव तथा मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भूस्खलन और रेलवे ट्रैक पर बोल्डर गिरने के कारण पश्चिम एवं मध्य रेलवे के विभिन्न रेलखंडों पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इसके चलते कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जुलाई तक मुंबई और आसपास के इलाकों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी।

पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी – मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां शिमला, मनाली, कुल्लू, धर्मशाला, सोलन और मंडी में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल और देहरादून में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

16 राज्यों में बारिश की चेतावनी – मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई जगहों पर 70 की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना है। वहीं मॉनसून भी अपनी चाल बदल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश और पहाड़ी राज्यों में बादल ज्यादा मेहरबान रहेंगे। वहीं उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments