HomeNationalअमित शाह का दावा : यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार, यूसीसी...

अमित शाह का दावा : यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार, यूसीसी किया जायेगा लागू

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए दावा किया है कि अगले साल 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर अपनी सरकार बनायेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि उनका यही राजनीतिक रवैया रहा तो कांग्रेस आने वाले 30 साल तक भी जीत नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की निरर्थक बातों का जवाब उत्तर प्रदेश की जनता चुनाव परिणाम के माध्यम से देगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यदि दोनों इसी तरह काम करते रहे तो चौथी बार भी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि मतदाता भाजपा की सरकार बनाते हैं तो प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।

उत्तर प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबंधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब कमर कसने का समय है। कार्यकर्ता अपने मन से बाकी सभी भाव निकालकर अर्जुन की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि विजय के संकल्प के साथ भाजपा की जीत के लिए जुटना होगा। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संबोधन का फेसबुक लाइव नहीं करने का भी अनुरोध किया।राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह ने 30 अक्टूबर की तारीख का उल्लेख करते हुए वर्ष 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव और उनकी कंपनी को लगता है कि प्रदेश की जनता उस घटना को भूल गई है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘अखिलेश बाबू, जनता आपको माफ नहीं करेगी।’’ उन्होंने सपा प्रमुख से गरीबों के लिए किए गए कामों का हिसाब भी मांगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव समाज और गरीबों की बात करते हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि उनके मुख्यमंत्री रहते गरीबों के लिए क्या किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में गरीबों के बजाय परिवार और पार्टी के लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने पर ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि अखिलेश बाबू यूपी में सरकार बनाने का सपना भूल जाइए। आपकी सरकार तब बनी थी जब आपके पीछे आपके पिता मुलायम सिंह यादव थे। अखिलेश यादव के आने के बाद सपा कोई चुनाव नहीं जीती। राहुल गांधी के आने के बाद कांग्रेस ने कोई चुनाव नहीं जीता और आने वाले तीस सालों में ये लोग कोई चुनाव जीत भी नहीं पाएंगेउन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि यही संगठन लोकसभा चुनाव में 73 सीटें और विधानसभा चुनाव में 312 सीटें हासिल कर चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां पार्टी के नेता भी पहले कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता और परिश्रम के अनुसार जिम्मेदारियां और अवसर मिलते हैं।

संगठन में अलग-अलग स्तरों पर कार्यकर्ताओं का समायोजन होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस चुनाव को अपना चुनाव मानकर मतगणना तक दिन-रात मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लक्ष्य एक ही होना चाहिए कि कमल निशान वाला प्रत्याशी विजयी हो।केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कठोर शासन का परिचय देकर उत्तर प्रदेश को माफिया से मुक्त करने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में डकैती में 80 प्रतिशत, लूट में 74 प्रतिशत, दंगों में 70 प्रतिशत और रंगदारी की घटनाओं में 60 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। प्रदेश में बड़े कारखानों की संख्या बढ़कर 35 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के दो कार्यकाल के विकास कार्यों की तुलना पूर्ववर्ती सरकारों से करते हुए दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में 200 प्रतिशत अधिक विकास हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments