नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार आठवें कारोबारी सत्र में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को सोने के दाम में 1,300 प्रति 10 ग्राम की और चांदी में 2,500 रुपए प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट आई। मजबूत होते रुपये और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के अधिक सख्त होने की बढ़ती आशंकाओं के बीच कीमती धातुओं का आकर्षण लगातार घट रहा है।
दिल्ली के सर्राफा बाजार में, 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 1,300 घटकर 1,34,500 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया, जो बुधवार को 1,35,800 रुपए था। पिछले आठ कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में कुल 12,400 की भारी गिरावट दर्ज की गई है। सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट जारी रही। चांदी का भाव 2,500 टूटकर 1,62,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गया, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,64,500 रुपए प्रति किलोग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर सोना टूटकर 3,717.57 प्रति औंस और चांदी घटकर 44.92 डॉलर प्रति औंस रह गई।



