गुरुग्राम । दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सेक्टर 37 डी में एक 33 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 33 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली। पति ने अपने दोस्तों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक वीडियो भेजा, जिसमें उसने अपनी पत्नी की हत्या करने और खुद की जान लेने की बात कबूल की। बेंगलुरु में रहने वाले एक दोस्त ने वीडियो देखकर गुरुग्राम पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि दंपति की शादी तीन साल पहले हुई थी। कपल का कोई बच्चा नहीं था। वे कई साल से यहां रह रहे थे।
पति उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले का रहने वाला था। वहीं पत्नी पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले की रहने वाली थी। जिस दोस्त को वीडियो मिला था, उसे केवल सोसाइटी का नाम मालूम था. उसने सेक्टर 10 पुलिस स्टेशन के एसएचओ का नंबर खोजा और घटना की रिपोर्ट की। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि उन्हें जानकारी मिलते ही उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फ्लैट को अंदर से बंद पाया। दरवाजा तोड़ने पर, एक कमरे में दंपति मृत मिले. महिला का शव फर्श पर पड़ा था और उसकी गर्दन पर चोट के निशान थे. इससे साफ जाहिर हो गया कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। वहीं पति की लाश फंदे पर लटकी हुई थी।



