सोलन। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने सोलन से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में शामिल 297 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल हिमाचल में हरित एवं प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की डीजल पर निर्भरता को कम करना है।एचआरटीसी के बेड़े में शामिल हुईं ये ई-बसें अब प्रदेश के विभिन्न रूटों पर अपनी सेवाएं देंगी। इन नई बसों के आने से उन रूटों पर बसों की कमी दूर होगी, जहां यात्रियों को अक्सर असुविधा का सामना करना पड़ता था।
निगम की व्यवस्था के अनुसार, एक ई-बस को दिन में आवश्यकतानुसार दो से तीन रूट पर चलाया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है। इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल डीजल पर निर्भरता घटेगी, बल्कि प्रदूषण में कमी आएगी। उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि प्रदेश में स्वच्छ, टिकाऊ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जा सके। यह हिमाचल को हरित परिवहन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।



