नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संसद स्थित अपने कार्यालय में केंद्रीय मंत्रिपरिषद के वरिष्ठ सदस्यों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और शासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री शामिल हुए।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी तथा सर्बानंद सोनोवाल भी बैठक में उपस्थित रहे।बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा भी बैठक में शामिल हुए। संसद के मानसून सत्र के बीच हुई इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि सरकार की ओर से बैठक में हुई चर्चा या लिए गए निर्णयों के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



