भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चार मंजिला कोहिनूर अपार्टमेंट (बी-विंग) का बड़ा हिस्सा ढह गया। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसा रात करीब 11:30 बजे बालाजी नगर क्षेत्र स्थित भंडारी कंपाउंड के गंगाराम वाड़ी इलाके में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार मलबे से अब तक छह शव निकाले जा चुके हैं। इसके अलावा एक घायल लड़के को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एनडीआरएफ ने एक महिला को भी मलबे से जीवित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कुछ अन्य लोगों को भी सुरक्षित निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मलबे में अभी भी 4 से 5 लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान लगातार जारी है। नगर निगम ने इस इमारत को पहले ही ‘सी-कैटेगरीÓयानी अत्यंत जर्जर और खतरनाक घोषित कर रखा था। प्रशासन ने कई नोटिस जारी कर अधिकांश निवासियों को भवन खाली भी करा दिया था। इसके बावजूद ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का कार्य चल रहा था।
जानकारी के अनुसार मरम्मत के दौरान कुछ पिलर तोड़े गए थे, जिससे इमारत की संरचना और कमजोर हो गई। इसी वजह से भवन का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।बताया जा रहा है कि हादसे के समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था और 5 से 9 मजदूर अंदर मौजूद थे। कुछ लोग भवन से सामान निकालने भी पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबे में दबे अधिकांश लोग वही मजदूर हैं, जो रात में काम कर रहे थे। राहत एवं बचाव कार्य में भारी मशीनों, पोक्लेन और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जब तक पूरा मलबा हटाकर सभी संभावित फंसे लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक बचाव अभियान जारी रहेगा। हादसे के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है।



