गॉल । भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से मेजबान श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच के लिए मैदान में उतरेगी। भारतीय टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल की नजरें इस सीरीज में जीत हासिल करने पर रहेंगी। इसका कारण ये है कि ये सीरीज विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप ( डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा है। शुभमन के पास इस सीरीज में अधिक से अधिक रन बनाकर डब्ल्यूटीसी में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का अवसर है।शुभमन ने अब तक डब्ल्यूटीसी में खेले 40 टेस्ट मैचों में 2843 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शानदार शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।
यदि वह श्रीलंका के खिलाफ पहले ही टेस्ट मैच में 157 रन और बना देते हैं तो वह इसमें 3000 रन का आंकड़ा हासिल करने वाले एक विशेष क्लब का हिस्सा बन जाएंगे। इसके अलावा वह डब्ल्यूटीसी में 3000 रन बनाने वाले पहले भारतीय भी बन जाएंगे। अभी वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
डब्ल्यूटीसी में भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो शुभमन के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और दिग्गज रोहित शर्मा का नाम आता है। ऋषभ ने अपने 40 टेस्ट मैचों की 71 पारियों में 2780 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा ने 40 मैचों में 2,716 रन का योगदान दिया है।
इसमें सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट के नाम है। रुट ने अब तक 77 मैचों में 6651 रन बनाये हैं। शुभमन इसके अलावा वह एक और अहम रिकार्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। वह डब्ल्यूटीसी के एक संस्करण में बतौर भारतीय कप्तान 1,000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन सकते हैं। मौजूदा 2025-27 संस्करण में, गिल ने भारत के कप्तान के तौर पर 8 मैचों में अब तक 950 रन बनाए हैं। इसका मतलब है कि उन्हें इस अनोखे रिकार्ड तक पहुंचने के लिए केवल 50 रन और चाहिए। शुभमन की कप्तानी में भारत ने अब तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 5 में जीत, 3 में हार और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है।



