भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब चौथी बार अपने नाम कर लिया। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारत की जीत में दीपिका ने अहम भूमिका निभाते हुए दो गोल किए, जबकि इशिका ने एक गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की।मुकाबले में भारतीय टीम को चीन की ओर से कड़ी चुनौती मिली। चीन ने पहले बढ़त बनाते हुए 24 मिनट 55 सेकंड में चेन युजुन के गोल की मदद से स्कोर 1-0 कर दिया।
इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी की। तीसरे क्वार्टर में दीपिका ने 37 मिनट 50 सेकंड में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद इशिका ने 41 मिनट 15 सेकंड में गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। दीपिका ने 42 मिनट 25 सेकंड में अपना दूसरा गोल करते हुए भारत की बढ़त 3-1 कर दी। आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए चीन को वापसी का मौका नहीं दिया। दोनों टीमों को मुकाबले में छह-छह पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने मिले मौकों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया।
इस जीत के साथ भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सर्वाधिक चार खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी बना लिया। इससे पहले भारत और दक्षिण कोरिया तीन-तीन बार इस प्रतियोगिता के चैंपियन रहे थे। भारतीय टीम ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी। फाइनल मुकाबले को लेकर भोपाल में हॉकी प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। जिन्हें अंदर जगह नहीं मिली, वे बाहर से ही भारतीय टीम का हौसला बढ़ाते नजर आए। भारत के गोल करते ही दर्शकों ने तालियों और नारों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। भारतीय टीम की इस जीत से पूरे देश में खुशी का माहौल रहा।



