मुम्बई । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की सालाना आम बैठक 18 सितंबर को होगी। इसमे कई मामलों पर फैसले लिए जाएंगे। इस बैठक में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नये चेयरमैन के चुनाव को लेकर भी फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की क्रिकेट संघ को बीसीसीआई की एसोसिएट सदस्यता प्रदान करने पर भी फैसला लिया जाएगा। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि एजीएम की सूचना सभी 38 राज्य इकाइयों को भेज दी गई है।एजीएम के दौरान, आईपीएल संचालन समिति के चेयरमैन पद के लिए चुनाव होगा। अभी अरुण धूमल इस पद पर हैं।
इसके अतिरिक्त, संचालन समिति के दो अन्य निर्वाचित सदस्यों के लिए भी चुनाव होगा। बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी एके ज्योति ने चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार, सदस्यों को अपने प्रतिनिधियों के नामांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त रखी गय है, जबकि वैध उम्मीदवारों की घोषणा 11 सितंबर को की जाएगी। हालांकि, इन तीनों पदों पर चुनाव निर्विरोध होने की प्रबल संभावना है, जिससे नियुक्तियां आसानी से हो सकेंगी।बैठक के एजेंडे में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की क्रिकेट संघ को बीसीसीआई की एसोसिएट सदस्यता देने का प्रस्ताव भी शामिल है। यह मुद्दा जून में हुई बीसीसीआई की शीर्ष परिषद की पिछली बैठक में भी उठा था।
यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है, तो बीसीसीआई अंडमान-निकोबार में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को विकसित करने और मैचों के आयोजन में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगा, जो द्वीप समूह में क्रिकेट के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। हालांकि, एक एसोसिएट सदस्य होने के नाते, उन्हें बीसीसीआई में मतदान का अधिकार प्राप्त नहीं होगा। फिलहाल, द्वीप समूह की टीम को तुरंत घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल करने की कोई योजना नहीं है। प्राथमिकता खिलाड़ियों और क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को तैयार करने पर होगी, जिसके बाद भविष्य में घरेलू प्रतियोगिताओं में भागीदारी पर विचार किया जा सकता है। इन प्रमुख फैसलों के अलावा कई अन्य मामलों पर भी विचार किया जाएगा।



