पटना। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय बिहार दौरे पर आज बुधवार को पटना आ रहे हैं। इस दौरान वे राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई और जमीनी निरीक्षण करेंगे। साथ ही बाढ़ से प्रभावित किसानों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे। केंद्रीय मंत्री राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के साथ राज्य सरकार और अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भोपाल से पटना पहुंचने के बाद शिवराज सिंह चौहान सुबह 10.30 बजे स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
तेरसिया और सरायपुर में किसानों से मिलेंगे – हवाई सर्वेक्षण के बाद सुबह करीब 11 बजे हाजीपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से तेरसिया और सरायपुर गांव जाएंगे। दोनों गांवों में वे खेतों में पहुंचकर बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेंगे और स्थानीय किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। केंद्रीय मंत्री किसानों से फसल क्षति, राहत और सहायता से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी लेंगे। उनके दौरे को बाढ़ प्रभावित किसानों तक राहत और सहायता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संवाद में होगी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक – बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद चौहान गांधी सेतु के रास्ते दोपहर करीब 12.15 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति, राहत कार्यों की प्रगति और प्रभावित लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।



