नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के बीच 16 सितंबर को भारी बारिश और आंधी का दौर जारी रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।दिल्ली-एनसीआर में 16 सितंबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव से उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली में 16 और 17 सितंबर को बारिश का दौर रहने का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।मध्य प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम की इस सक्रियता से कई जगहों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की वापसी की प्रक्रिया भी जल्द शुरू हो सकती है, लेकिन उससे पहले दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में 18 सितंबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।



