चंडीगढ़-चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा यू.टी. चंडीगढ़ में भारत टैक्सी का शुभारंभ 18 सितम्बर, 2026 को सायं 04:00 बजे मल्टीपर्पज़ हॉल, बेसमेंट, न्यू यू.टी. सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग, सेक्टर-9, चंडीगढ़ में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन सहकारिता विभाग, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा किया जा रहा है। गुलाब चंद कटारिया, प्रशासक, यू.टी. चंडीगढ़, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुरलीधर मोहोल , केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्य मंत्री तथा कृष्ण पाल गुर्जर , केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री भी इस अवसर की गरिमा बढ़ाएंगे।
चंडीगढ़ में भारत टैक्सी का शुभारंभ सहकारिता क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सहकारिता की भावना को आधुनिक और तकनीक-आधारित मोबिलिटी क्षेत्र से जोड़ना है। इस पहल में ड्राइवर सदस्यों को सहकारी मॉडल के केंद्र में रखते हुए उनकी भागीदारी और प्लेटफॉर्म में हिस्सेदारी को प्रोत्साहित किया गया है। यह पहल इस बात को भी दर्शाती है कि बदलते समय में सहकारी संस्थाएं तकनीक के माध्यम से नए आर्थिक क्षेत्रों और सेवाओं से जुड़ सकती हैं।
माननीय मुख्य अतिथि द्वारा भारत टैक्सी का डिजिटल शुभारंभ किया जाएगा, जिसके बाद भारत टैक्सी वाहनों का औपचारिक फ्लैग-ऑफ किया जाएगा। चंडीगढ़ प्रशासन सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने तथा भागीदारी, पारदर्शिता और तकनीक के उपयोग पर आधारित पहलों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यू.टी. चंडीगढ़ में भारत टैक्सी की शुरुआत से सहकारी मॉडल का विस्तार मोबिलिटी क्षेत्र में भी होगा और ड्राइवर सदस्यों को हितधारक के रूप में जुड़ने के लिए एक मंच उपलब्ध होगा।



