पटना । बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रणजी ट्रॉफी के 11 अक्टूबर से शुरु हो रहे शुरुआती चार मैच में नहीं खेलेगे। ऐसे में बिहार टीम को वैभव के बिना ही उतरना होगा। वैभव अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ हैं। ये सीरीज 17 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी भारतीय टीम के साथ रहना है। ये सीरीज में 1 नवंबर तक चलेगी। वहीं बिहार टीम अपना रणजी अभियान 11 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ शुरू करेगी। ऐसे में वैभव का शुरुआती मैचों में खेलना संभव नहीं है।
इस बार बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी का पहला मुकाबला ऐतिहासिक होने वाला है। 11 अक्टूबर से बिहार अपने रणजी अभियान की शुरुआत उत्तर प्रदेश के खिलाफ नवनिर्मित राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में करेगा। यह पहली बार होगा जब राजगीर में किसी प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा, जो राज्य में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे के विकास का प्रतीक है। इसके बाद, टीम 18 अक्टूबर से बड़ौदा के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी। बिहार इस सत्र में अपने सभी घरेलू मैच राजगीर में ही खेलेगा।टीम की कप्तान युवा बल्लेबाज साकिबुल गनी को दी गयी है, जबकि हिमांशु सिंह को उप-कप्तान बनाया गया है। 17 सदस्यीय इस टीम के कोच की जिम्मेदारी पूर्व रणजी कप्तान आशुतोष अमन को दी गयी है। वहीं पूर्व रणजी खिलाड़ी अशोक कुमार सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे।
टीम – साकिबुल गनी (कप्तान), आयुष लोहारुका, मंगल महरौर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कुमार सौरभ (विकेटकीपर), श्रमण निग्रोध (विकेटकीपर), आकाश राज, पृथ्वी राज, हिमांशु सिंह (उप-कप्तान), ख़ालिद आलम, सूरज कुमार कश्यप, साकिब हुसैन, मोहम्मद इज़हार, शब्बीर ख़ान, राघवेंद्र सिंह, आमोद यादव।



