नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच आम आदमी पार्टी के मटियामहल से विधायक आले मोहम्मद इकबाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस मजबूती से लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठा रहे हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है। उनके इस बयान को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच जारी राजनीतिक खींचतान के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।दिल्ली में बुधवकार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं को हिरासत में लिया था।
इसी घटनाक्रम के बाद आप विधायक आले मोहम्मद इकबाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहुल गांधी के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के विधायक नहीं हैं, लेकिन लोकतंत्र की हिफाजत के लिए राहुल गांधी जिस मजबूती से आवाज उठा रहे हैं, वह प्रशंसनीय है। विधायक इकबाल ने अपनी पोस्ट में कहा कि देश का हर नागरिक, खासकर युवा, लोकतंत्र की रक्षा की इस लड़ाई में अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी ने करोड़ों लोगों की आवाज बनने और लोकतंत्र के लिए मजबूती से खड़े होने की भूमिका निभाई है।
राहुल गांधी पिछले कई महीनों से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत कई विपक्षी दल भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं, हालांकि दोनों दलों के बीच विरोध प्रदर्शनों को लेकर पूरी तरह एकजुटता नहीं दिखी है। ऐसे समय में आप विधायक की राहुल गांधी की खुलकर तारीफ को राजनीतिक रूप से भी देखा जा रहा है। इससे पहले आप की प्रवक्ता रहीं प्रियंका कक्कड़ भी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुई थीं। कांग्रेस में शामिल होते समय उन्होंने राहुल गांधी के संघर्ष और राजनीतिक दृढ़ता की प्रशंसा की थी।



