HomeHaryanaवोटर लिस्ट के शुद्धिकरण से राहुल गांधी को तकलीफ क्यों? एसआईआर पर...

वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण से राहुल गांधी को तकलीफ क्यों? एसआईआर पर कांग्रेस को घेरा: डॉ. अर्चना गुप्ता

गन्नौर – भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के मुद्दे पर कांग्रेस तथा राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए सवाल किया कि यदि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए मृत, डुप्लीकेट और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नामों की जांच की जा रही है, तो कांग्रेस को इससे परेशानी क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस हर बार नए मुद्दे के सहारे झूठा नैरेटिव खड़ा करके जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। रविवार दोपहर मदर प्राइड स्कूल के सामने आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन, राष्ट्र सर्वोपरि, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा उत्थान और गरीबों के कल्याण को केंद्र में रखकर विकास की नई दिशा तय की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा और राष्ट्र निर्माण का भाव प्रमुख रहा है। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

डॉ. गुप्ता ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर युवाओं के बीच भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और विवेक से देश का भविष्य गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी भी राजनीतिक दल के भ्रामक प्रचार का हिस्सा बनने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनानी चाहिए। सोशल मीडिया पर कोई भी संदेश साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और पारदर्शी होना आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए और चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची से उसे आपत्ति क्यों है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आशंका है कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण से उसकी राजनीतिक स्थिति और कमजोर हो सकती है।

इसी कारण पार्टी वोट चोरी का शोर मचाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने में जुटी है। इस दौरान उन्होंने समाजसेवी रोहित त्यागी को पटका पहनाकर भाजपा में शामिल कराया।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि रोजमर्रा के छोटे-छोटे प्रयासों से भी होती है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से पूछना चाहिए कि वह देश, समाज और जरूरतमंद लोगों के लिए क्या कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम पर पौधा लगाने, पानी और बिजली बचाने, सौर ऊर्जा अपनाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाने जैसे कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्षरता बढ़ाने और जरूरतमंदों की सहायता करने के छोटे प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। प्रत्येक नागरिक का ऐसा योगदान विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र है कि प्रत्येक व्यक्ति समाज, देश और कमजोर वर्गों के लिए अपनी भूमिका पहचाने।डॉ. गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम के आयोजन और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला प्रभारी, एडवोकेट राजबाला, देवेन्द्र कौशिक, निर्मल चौधरी, श्यामदास महाराज, कथावाचक साध्वी समाहिता, अरुण त्यागी, निशांत छोक्कर, आजाद नेहरा, तीर्थ राणा, जसबीर दोदवा, सुबोध, नीरज ठरू, तरुण देवीदास, रोहित त्यागी समेत बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments