कांगड़ा। भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के विरोध प्रदर्शन और एसआईआर प्रक्रिया के विरोध को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए नियमों और कानूनों का पालन करना जरूरी है। ठाकुर ने कहा कि उन्होंने युवा मोर्चा से लेकर बीजेपी तक कई विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया है। ऐसे प्रदर्शनों के लिए अनुमति लेनी होती है और इसमें शामिल होने वाले लोगों की संख्या भी बतानी पड़ती है।
कोई भी व्यक्ति या संगठन कानून से ऊपर नहीं है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अनुराग ने विपक्ष पर चुनाव हारने के बाद संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यदि कुछ लोग यह सोचते हैं कि उन्हें किसी को जानकारी देने की जरूरत नहीं है और वे संस्थाओं, नियमों और कानून से ऊपर हैं, तो देश इस तरह नहीं चल सकता। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को नियमों का पालन करना चाहिए। एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर ठाकुर ने कहा कि नियमों के मुताबिक कोई भी विरोध कर सकता है और इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के लिए झूठ का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी ताकतों के एजेंडे के मुताबिक भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना ठोस आधार के आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी। इस दौरान अनुराग ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को देवभूमि बताते हुए कहा कि हर साल देशभर से करोड़ों श्रद्धालु देवी के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए यहां के मंदिरों में पहुंचते हैं।



