नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 15 अक्टूबर के बीच 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 16 अक्टूबर तक कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज समेत पूर्वी जिलों में 12 से 14 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बिहार में 12 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर और बाड़मेर संभाग में 15 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में 11 से 17 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।



