चंडीगढ़ : पंजाब में चल रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 265वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के रूप में चिन्हित और मैप किए गए 556 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से निर्णायक लड़ाई के रूप में ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 265वें दिन पुलिस टीमों ने एक हथियार सहित 237 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान शुरू होने से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या बढ़कर 77,993 हो गई है।इसके अलावा, 174 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 9 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।आम लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा, अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं भी साझा कर सकते हैं।
इस बीच, पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अपना अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ 590वें दिन भी जारी रखा। इस दौरान 196 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 923 ग्राम हेरोइन, 700 ग्राम अफीम, 1,001 नशीली गोलियां और 7,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।इसके साथ ही, अभियान के तहत पिछले 590 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 84,613 हो गई है। नशामुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 24 व्यक्तियों को नशामुक्ति एवं पुनर्वास संबंधी उपचार करवाने के लिए भी प्रेरित किया।



