HomeHaryanaबेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिवारों को बदलनी होगी सोच :...

बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिवारों को बदलनी होगी सोच : डॉ. अर्चना गुप्ता

अंबाला। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 में हरियाणा की धरती से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत कर बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने का महत्वपूर्ण प्रयास किया। आज बेटियां शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के दम पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए परिवारों को अपनी सोच बदलनी होगी तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने होंगे। शनिवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने अग्रवाल भवन, सेक्टर-7, अंबाला में सेवा संकल्प अभियान के तहत जैन फेलोशिप क्लब सोसायटी द्वारा आयोजित सामूहिक कन्या विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

उन्होंने 11 नवयुगलों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया तथा आयोजकों के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग कर उन्हें सम्मानपूर्वक नए जीवन की शुरुआत का अवसर देना अत्यंत पुण्य का कार्य है।डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि समाज में आज भी कहीं न कहीं यह सोच देखने को मिलती है कि बेटियों को पढ़ाकर क्या करना है, आखिर उन्हें दूसरे घर ही जाना है। इस मानसिकता को बदलना बेहद जरूरी है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी मां ने समालखा जैसे स्थान पर भी उन्हें उच्च शिक्षा दिलाने और डॉक्टर बनाने का संकल्प लिया।

परिवार के इसी विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का अवसर दिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों को भी अपनी बेटियों और बहुओं के प्रति जिम्मेदारी केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं रखनी चाहिए। उन्हें अपनी अलग पहचान बनाने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने पैरों पर खड़े होने से महिलाओं में जो आत्मविश्वास पैदा होता है, वह केवल आर्थिक सहायता से कभी नहीं मिल सकता।

बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर देना केवल एक परिवार की प्रगति नहीं, बल्कि पूरे समाज की उन्नति का आधार है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से बेटियों की शिक्षा, आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने में सहयोग देने का आह्वान किया।इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री असीम गोयल, जिला भाजपा अध्यक्ष मनदीप राणा, जिला प्रभारी मदन चौहान, मेयर अक्षिता सैनी, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रिचा पाहवा, प्रदेश सचिव गुरप्रीत कौर, मुख्य प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा, जिनेश जैन, अभय जैन, संयम जैन सहित जैन फेलोशिप क्लब के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments