भोजपुर । बिहार के भोजपुर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ, जहां तीर्थकौल गांव के पास सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक साहसी युवक भी शामिल है, जिसने बच्चों को डूबता देख अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, गांव के सात बच्चे खेलते-खेलते सोन नदी के तट पर चले गए थे। नहाने के दौरान तीन बच्चे अचानक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को छटपटाते देख पास ही मौजूद 25 वर्षीय सुधीर कुमार उन्हें बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद पड़े।
हालांकि, नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण वे बच्चों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल सके और खुद भी हादसे का शिकार हुए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आकाश कुमार (15), प्रेम कुमार (10), सिद्धांत कुमार (16) और उन्हें बचाने वाले सुधीर कुमार (25) के रूप में हुई है। ये सभी एक ही गांव के रहने वाले थे। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को नदी से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



