ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं पर एक बेकाबू ट्रक कहर बनकर टूटा। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 से अधिक घायल हुए हैं। इनमें से 5-6 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा ग्वालियर के पास शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुआ, जहां एक ओवरलोड ट्रक ने अचानक करीब 40 श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 1 बजे हुई जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर की ओर बढ़ रहे थे।
धान से क्षमता से अधिक लदा हुआ यह ट्रक अनियंत्रित होकर अचानक आया और कुछ दुकानों व सड़क पर चल रहे लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। घटनास्थल पर चारों ओर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने कुछ लोगों को मौके पर ही दम तोड़ते देखा, और उनके भाई को भी इस हादसे में चोटें आई हैं।हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों व घायलों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह एक बेहद दुखद घटना है।
उन्होंने जानकारी दी कि छिनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर एक तेज ढलान है, जहां भारी वाहनों का आना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। देर रात लगभग 1:30 बजे, धान से लदा यह ट्रक पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ते हुए अनियंत्रित हो गया और ढलान पर तेजी से नीचे आया। ट्रक सीधे मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया, जिसकी चपेट में सड़क पर मौजूद श्रद्धालु आ गए। इस हादसे में मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। एसएसपी के अनुसार, कुल 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें शुरुआती तौर पर 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी।
पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान – प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं, मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए संबंधित मंत्रियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं।



